वरूण मिश्रा
गोड्डा : लोक आस्था के महापर्व छठ की दस्तक के साथ ही गांवों में आस्था के रंग के साथ रोजगार की रौनक भी दिखाई देने लगी है। सूर्योपासना के इस महापर्व में इस्तेमाल होने वाले बांस के सूप, दउरा और अन्य पूजन सामग्री की मांग बढ़ने से पारंपरिक कारीगरों के घरों में कामकाज तेज हो गया है। पोड़ैयाहाट प्रखंड के द्रुपद सहित आधा दर्जन से अधिक गांवों में मोहली समुदाय के परिवार इन दिनों दिन-रात बांस के सूप और दउरा बनाने में जुटे हैं। किसी के हाथों में बांस की कमाची है तो कोई सूप की बुनाई में लगा है। घरों के आंगन और दरवाजों पर तैयार सूप-दउरा का ढेर लगा हुआ है। इनके लिए छठ पर्व केवल धार्मिक आस्था का अवसर नहीं, बल्कि साल की बड़ी कमाई का भी जरिया है।
द्रुपद गांव में 15 परिवारों का जुड़ा है रोजगार
प्रखंड के द्रुपद गांव में करीब 15 परिवार पीढ़ियों से बांस के सूप और दउरा बनाने के पारंपरिक व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। इन परिवारों के लिए छठ का मौसम सबसे व्यस्त समय होता है। पर्व से करीब तीन महीने पहले ही कारीगर इसकी तैयारी शुरू कर देते हैं। बांस की खरीद, उसे चीरकर पतली कमाची तैयार करना और फिर हाथों से सूप-दउरा का आकार देना, यह पूरी प्रक्रिया काफी मेहनत और हुनर का काम है। ग्रामीणों के अनुसार, छठ के अवसर पर द्रुपद गांव में करीब 25 हजार से अधिक सूप और दउरा तैयार किए जाते हैं। यहां बनने वाले उत्पादों की मांग केवल स्थानीय बाजार तक सीमित नहीं है। वाहनों पर लादकर इन्हें बिहार के विभिन्न इलाकों और झारखंड के दूसरे जिलों में भी भेजा जाता है। इससे गांव के कारीगरों को स्थानीय स्तर पर ही नहीं, बल्कि दूसरे बाजारों से भी कारोबार मिलता है।
महिलाओं के हुनर से चल रहा पारंपरिक कारोबार
इस व्यवसाय की खास बात यह है कि इसमें परिवार के लगभग सभी सदस्य अपनी भूमिका निभाते हैं। महिलाएं सूप और दउरा की बुनाई से लेकर तैयार उत्पादों को व्यवस्थित करने तक का काम संभालती हैं, जबकि पुरुष बांस की कटाई, चिराई, ढुलाई और बाजार तक सामान पहुंचाने में सहयोग करते हैं। द्रुपद गांव की पुतूल देवी, कौशल्या देवी, दुलारी देवी, हीरा देवी, पार्वती देवी और गुड़िया देवी सहित कई महिलाएं इस काम में सक्रिय हैं। वहीं विकास मोहली, श्याम गायण, जयकांत गायण, किशन देव गायण, प्रदीप गायण, मुन्ना गायण, मनोहर गायण, हरिनारायण गायण और हीरालाल गायण सहित अन्य लोग भी इस पारंपरिक व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। इनके लिए यह काम केवल पुश्तैनी परंपरा नहीं, बल्कि परिवार की आजीविका का महत्वपूर्ण साधन है। पुतुल देवी की माने तो इस साल बाजार में सूप की कीमत काफी कम है जहां प्रत्येक साल 90 से ₹100 प्रति सूप बिक्री करते थे इस बार 60 से 65 रुपया में सूप बिक रहा है. पार्वती देवी ने बताया कि एक परिवार एक दिन में तकरीबन 10 सूप बना लेता है जबकि एक परिवार में तकरीबन आठ सदस्य होता है और सभी एक साथ मेहनत करते हैं हालांकि उन्होंने मशीन से बना रहे उत्पादों प्लास्टिक के समान और अत्याधुनिक बर्तनों का छठ पूजा पर कोई प्रभाव पड़ने की बात नहीं कही है बोल इसका कोई प्रभाव सूप दउरा की बिक्री पर छठ पर्व में नहीं पड़ता है उन्होंने कहा कि आज कड़ी मेहनत के बाद भी बड़ी मुश्किल से पूरे परिवार का 2 जून का रोटी मिल पाता है वही इन लोगों के बीच दो महिला मंडल कार्यरत है पार्वती महिला मंडल एवं सिद्धि महिला मंडल जहां इन लोगों ने कुछ लोन लेकर कार्य को बड़े पैमाने पर शुरू किया है आने वाले दिनों में क्या गुल खिला है यह तो कहना मुश्किल है लेकिन इन लोगों की मेहनत रंग ला रही है.
दर्जनों गांवों में फैला है सूप-दउरा का कारोबार
द्रुपद गांव के अलावा प्रखंड के ललमटिया, अमड़ा कामत,तरखुट्टा, घंघराबांध, धेनुकट्टा और बांझी सहित दर्जनों गांवों में भी बांस के सूप और दउरा बनाने का काम होता है। छठ पर्व के नजदीक आते ही इन गांवों में भी कारीगरों की व्यस्तता बढ़ जाती है। तैयार सामान स्थानीय हाट-बाजारों में बिक्री के लिए पहुंचता है। इसके अलावा व्यापारी और खरीदार दूसरे इलाकों से भी यहां आकर सूप-दउरा खरीदते हैं। इस तरह छठ पर्व ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे कारोबारियों, कारीगरों और मेहनतकश परिवारों के लिए आर्थिक गतिविधियों का बड़ा अवसर बन जाता है।
परंपरा बचाने के साथ रोजगार की चुनौती भी
बांस के सूप और दउरा का छठ पर्व से गहरा सांस्कृतिक और धार्मिक जुड़ाव है। आधुनिक बाजार में प्लास्टिक और अन्य कृत्रिम सामग्रियों की उपलब्धता के बावजूद पूजा में पारंपरिक बांस के सूप-दउरा की अपनी अलग पहचान और मांग बनी हुई है। हालांकि कारीगरों के सामने बांस की उपलब्धता, कच्चे माल की बढ़ती कीमत और मेहनत के अनुरूप उचित दाम मिलने जैसी चुनौतियां भी हैं। पारंपरिक हुनर को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए इस कारोबार को बेहतर बाजार और सरकारी प्रोत्साहन की जरूरत है।
आस्था के साथ गांव की अर्थव्यवस्था को भी मिलती है गति
छठ पर्व के दौरान सूप-दउरा बनाने वाले कारीगरों के अलावा बांस उपलब्ध कराने वाले किसानों, परिवहन से जुड़े लोगों, स्थानीय व्यापारियों और हाट-बाजार के छोटे दुकानदारों को भी काम मिलता है। यानी एक पर्व कई स्तरों पर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देता है। द्रुपद गांव के कारीगरों के घरों में तैयार हो रहे हजारों सूप-दउरा इस बात की गवाही देते हैं कि लोक आस्था से जुड़ी परंपराएं आज भी ग्रामीण रोजगार का मजबूत आधार बनी हुई हैं। जरूरत है कि ऐसे पारंपरिक कारीगरों को उचित बाजार, बेहतर कीमत और प्रोत्साहन मिले, ताकि उनकी कला भी बची रहे और परिवारों की आजीविका भी मजबूत हो।
मुखिया छेदी राउत ने बताया कि इन परिवारों को पंचायत की ओर से मिलने वाली सुविधा दी जा रही हैं.सरकार से लोन भी दिलाया जा रहा है ताकि ऐसे परिवार अपनी कारीगरी के हुनर से न सिर्फ परिवार में आर्थिक समृद्धि लाए बल्कि द्रुपद पंचायत का नाम भी ऊंचा करे.




